चंडीगढ़ में एक छात्र ने सुसाइड कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र के 2 पेपर ठीक नहीं हुए थे। इस कारण वह तनाव में चल रहा था। शनिवार को स्कूल में PTM होनी थी। जिसमें उसे मां के साथ स्कूल में जाना था। इसी को लेकर छात्र के मन में डर बैठ गया था, जिसके बाद उसने सुसाइड कर लिया। घर में फंदे से लटका मिला छात्र शुक्रवार को रहमत (16) की मां अपनी ड्यूटी पर थी। उन्होंने वहां से ही रहमत को कॉल की कि शनिवार सुबह स्कूल में पीटीएम (Parents Teachers Meeting) है। मीटिंग में उसे भी साथ चलना है। इसके बाद जब उन्होंने दोबारा फोन किया तो रहमत ने कॉल रिसीव नहीं की। चिंता में मां घर पहुंचीं तो देखा कि रहमत ने चुन्नी से पंखे पर लटक कर फांसी लगा ली है। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नहीं मिला सुसाइड नोट घटना के बाद पुलिस स्टेशन 19 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि शुरुआती जांच में सामने आया कि हाल ही में रहमत के दो पेपर ठीक नहीं हुए थे और उनमें उसके नंबर काफी कम आए थे। इस कारण वह तनाव में था और डर रहा था कि उसकी मां को जब यह बात स्कूल की पीटीएम में पता चलेगी तो वह नाराज हो जाएंगी। इसी डर के कारण उसने यह कदम उठाया। रहमत की मां नगर निगम के एमओएच विभाग में डेटा ऑपरेटर हैं और पिता निगम में ही ड्राइवर का काम करते हैं। रहमत उनका इकलौता बेटा था।


