कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत डीडवाना-कुचामन जिले के लिए पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। कांग्रेस हाईकमान ने डॉ. अमी याज्ञनिक को जिले की मुख्य पर्यवेक्षक बनाया है। उनके साथ गणेश घोघरा, डॉ. जाहिदा शबनम और सुशील पारीक को पीसीसी पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत सोमवार को डीडवाना में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की जाएगी। इस रायशुमारी के आधार पर जिलाध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर आगे भेजा जाएगा। इन नामों पर अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की उपस्थिति में एआईसीसी की बैठक में लिया जाएगा। मकराना विधायक और वर्तमान जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गैसावत ने बताया कि संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष पद का चयन कार्यकर्ताओं की राय को सर्वोपरि रखते हुए किया जाएगा।


