IFWJ ने किया महंत प्रतापपुरी का सम्मान:MLA विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत; केंद्रीय मंत्री बोले- “पत्रकार समाज का आइना होते हैं’

इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट (आईएफडब्ल्यूजे) की जैसलमेर जिला इकाई द्वारा शनिवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पोकरण विधायक एवं तारातरा मठ के महंत प्रताप पूरी को संगठन में विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किए जाने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत मौजूद रहे। इस अवसर पर पत्रकारों ने महंत प्रताप पूरी को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने पर हार्दिक बधाई दी और उनसे पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन भी सेलिब्रेट किया। कार्यक्रम शहर की होटल प्रिया में आयोजित हुआ, जिसमें जिलेभर से आए पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों का सुगम समागम देखने को मिला। “पत्रकार समाज का आइना होते हैं”- शेखावत अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा- “पत्रकार समाज का आइना होते हैं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में उनकी जिम्मेदारी आज के डिजिटल युग में और भी बढ़ गई है। सोशल मीडिया ने संवाद को आसान बनाया है, लेकिन इस दौर में विश्वसनीयता बनाए रखना पत्रकारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।” उन्होंने आईएफडब्ल्यूजे के माध्यम से पत्रकारों को संगठित और सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना की। राष्ट्रीय संगठन से जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात- महंत प्रताप पुरी वहीं, पोकरण विधायक महंत प्रताप पूरी महाराज ने कहा- “आईएफडब्ल्यूजे जैसे राष्ट्रीय संगठन से जुड़ना मेरे लिए गर्व की बात है। पत्रकार समाज सच्चाई को सामने लाने का कार्य करता है और मैं हमेशा पत्रकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके हितों के लिए कार्य करता रहूंगा। संवाद ही लोकतंत्र की आत्मा है और पत्रकारिता उस संवाद को जीवंत बनाए रखती है।” पत्रकारों ने संकल्प को दोहराया कार्यक्रम के अंत में आईएफडब्ल्यूजे जिलाध्यक्ष गणपत दैया ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों ने संगठन की एकजुटता और सशक्त पत्रकारिता के संकल्प को दोहराया। विशिष्ट अतिथियों में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, पोकरण के पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, संगठन के जिला संरक्षक विमल भाटिया और आईएफडब्ल्यूजे जिलाध्यक्ष गणपत दैया शामिल रहे। समारोह में सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *