महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, पिंडवाड़ा के छात्रों ने एक शैक्षणिक दौरे में भाग लिया। इस दौरे का उद्देश्य छात्रों को भौगोलिक पर्यावरण की गहरी समझ प्रदान करना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण तथा नवाचार के प्रयासों से जोड़ना था। दौरे के पहले चरण में छात्रों ने गोबर सलरी प्रोसेसिंग यूनिट का अवलोकन किया। यूनिट प्रभारी बीरबल और सुरेश मेघवाल ने उन्हें गोबर से बनने वाले पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया समझाई। छात्रों ने सीखा कि कैसे पारंपरिक संसाधनों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उपयोगी वस्तुएं बनाई जाती हैं। इस दौरान नवाचार के व्यवसायिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। इससे छात्रों को स्थानीय रोजगार, सतत विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में सोचने की प्रेरणा मिली। दौरे का दूसरा चरण नया सानवाड़ा स्थित श्रीपति धाम में पूरा हुआ। यहां छात्रों ने प्राकृतिक वातावरण और आध्यात्मिकता के संगम का अनुभव किया। नंदवन आश्रम के शांत और हरे-भरे माहौल में छात्रों ने प्रकृति से जुड़ाव महसूस किया। आश्रम के महंत गोविंद बल्लभा दास जी ने विद्यार्थियों को जीवन में आध्यात्मिक संतुलन, मूल्यों और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। पूरे दौरे के दौरान शिक्षकों शंकरलाल, मीत रावल, सरला त्रिवेदी और दिनेश मोरिसा ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्रों को भौगोलिक संरचना, मानव-प्रकृति संबंध और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया।


