नीमच जिले की कुकड़ेश्वर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कार से 36 किलो डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कुकड़ेश्वर पुलिस टीम ने 3 अक्टूबर 2025 को टामोटी रोड पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक सफेद रंग की वेन्यू कार (MP 09 AP 4523) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में दो काले प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें कुल 36 किलो अवैध डोडाचूरा भरा था। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 75,000 रुपए और कार की कीमत 8 लाख रुपए बताई है। पुलिस ने वाहन चालक तेजराम उर्फ तेजु पिता रतनलाल गुर्जर (49 वर्ष), निवासी मालखेड़ा, थाना रामपुरा को मौके से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ कुकड़ेश्वर थाने में अपराध क्रमांक 260/25 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस तस्करी रैकेट में अन्य कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भीमसिंह सिसोदिया और कुकड़ेश्वर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।


