दतिया की इंदरगढ़ मंडी बंद रहने से किसानों का हंगामा:पूर्व सूचना न देने और व्यापारी-मंडी प्रबंधन पर आर्थिक नुकसान का आरोप लगाया

दतिया की इंदरगढ़ कृषि उपज मंडी में शनिवार को अवकाश के चलते मंडी बंद रही। सुबह अपनी उपज बेचने पहुंचे किसानों को जब मंडी के बंद होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने मंडी परिसर में हंगामा कर दिया। नाराज किसानों ने मंडी प्रबंधन पर सूचना न देने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें पहले से मंडी बंद रहने की जानकारी दी जानी चाहिए थी। किसान कुंवर राज गुर्जर निवासी बड़ापारा और मोहन पटवा सहित कई किसान अपनी फसल गेहूं, चना और मटर लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मंडी पहुंचे थे। जब उन्होंने मंडी कर्मचारियों से मंडी बंद होने का कारण पूछा तो उन्हें बताया गया कि शनिवार और रविवार को मंडी में खरीदी बंद रहती है। इसी बात पर किसानों ने नाराजगी जताई और मंडी कार्यालय के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी प्रबंधन द्वारा अवकाश की पूर्व जानकारी न देने से उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली का किराया, समय और श्रम तीनों का नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि मंडी बंद रहने की सूचना पहले मिल जाती, तो वे उपज लेकर नहीं आते। साथ ही किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मंडी में डाक बोली न होने से व्यापारी मनमाने भाव पर खरीदी करते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। किसान कुंवर राज सिंह ने कहा, मंडी प्रबंधन और व्यापारियों की मिलीभगत से किसान परेशान हैं। व्यापारी कहते हैं। सस्ते दामों में माल बेचो या वापस ले जाओ। अगर हमें छुट्टी की जानकारी होती, तो हम आज मंडी आते ही नहीं। मंडी सचिव फूल सिंह जाटव ने बताया कि शनिवार और रविवार को मंडी में खरीदी बंद रहती है। शुक्रवार को माइक से अलॉटमेंट की सूचना दी जाती है। अब अगले शनिवार से मंडी गेट पर छुट्टी की सूचना वाला बोर्ड लगाया जाएगा और गेट पर ताला भी लगाया जाएगा, ताकि किसानों को भ्रम न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *