शाजापुर में साल 2025 की शुरुआत शहरवासियों ने धार्मिक स्थलों पर मत्था टेक कर की। सर्द मौसम के बीच शहर के लगभग सभी मंदिरों में बुधवार सुबह से लोग पहुंचने लगे थे। लोगों ने भगवान का विशेष अभिषेक और पूजन कर अपने और देश के लिए नए वर्ष में खुशहाली और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इसके अलावा शहर के समीप बोलाई वाले खेड़ापति सरकार, बूमतलाई माता मंदिर, सुंदरसी स्थित महाकाल मंदिर सहित आसपास के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। धार्मिक मान्यता है कि कोई भी काम शुरू करने से पहले भगवान का आशीर्वाद लेना चाहिए। चाहे वे नौकरी, कामकाज, पढ़ाई या फिर नए साल का पहला दिन हो। ऐसे में बुधवार को मां राजराजेश्वरी मंदिर, मंगलनाथ मंदिर, मुरादपुरा हनुमान मंदिर, डांसी हनुमान मंदिर, चामुंडा माता मंदिर, भैरव डूंगरी सहित दर्जनों धार्मिक स्थानों पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। शहर के सभी मंदिरों की आकर्षक साज-सज्जा कर भगवान की मूर्तियों का आकर्षक श्रृंगार किया।


