ग्वालियर में हत्या के दो फरार आरोपी गिरफ्तार:दो-दो हजार का इनाम था; पेड़ काटने के विवाद पर लाठी से पीट-पीटकर की थी हत्या

ग्वालियर की तिघरा थाना पुलिस ने 10 महीने पुराने हत्या के मामले में दो फरार इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह वही मामला है, जिसमें पेड़ काटने के विवाद के बाद एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। पकड़े गए आरोपियों पर दो-दो हजार रुपए का इनाम घोषित था। इस केस में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दो इनामी बदमाश गिरफ्तार शनिवार को तिघरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में फरार आरोपी आफिसर उर्फ छोटू गुर्जर अपने मामा के बेटे मोनू के साथ ट्रांसपोर्ट नगर, बहोड़ापुर क्षेत्र में ट्रक लेकर आया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान 24 वर्षीय आफिसर उर्फ छोटू गुर्जर पुत्र उम्मेद सिंह गुर्जर निवासी पाम गुर्जा, तिघरा के रूप में हुई। इस पर दो हजार रुपए का इनाम घोषित था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि दूसरा आरोपी रामखिलाड़ी उर्फ कारू गुर्जर कुलैथ चौराहे के पास कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उस पर भी दो हजार रुपए का इनाम घोषित था। 12 जनवरी 2025 को हुई थी हत्या ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र में 12 जनवरी 2025 को पेड़ काटने को लेकर विवाद हुआ था। फरियादी वीरेंद्र गुर्जर निवासी ग्राम गुर्जा ने बताया था कि खेत में पेड़ काटने पर उम्मेद सिंह, रामू, छोटू, कृष्ण और रामखिलाड़ी गुर्जर ने गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से हमला किया। हमले में कृष्ण गुर्जर ने वीरेंद्र के पिता रनवीर गुर्जर के सिर पर लाठी मारी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ दिनों बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तब ही मामला दर्ज कर पोस्टमॉर्टम कराया था और जांच के बाद पांचों आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज किया था। इनमें से तीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है और उनसे घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी ली जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *