जयपुर में शनिवार देर रात चलती स्कॉर्पियो में आग लगने से दहशत फैल गई। स्कॉर्पियो सवार तीनों युवकों ने बाहर की ओर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। दौलतपुरा थाना पुलिस ने फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस प्रथमदृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगना मान रही है। SHO (दौलतपुरा) सुनील गोदारा ने बताया- दौलतपुरा में बिलोची पुलिया पर स्कॉर्पियो गाड़ी में आग लगी थी। स्कॉर्पियो में ऑनर सहित सवार तीन युवक जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। रात करीब 1:15 बजे बिलोची पुलिया पर चलती स्कॉर्पियो से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो से आग की लपटे उठने लगी। ड्राइवर कर रहे ऑनर ने आग की लपटों को उठता देखकर तुरंत रोड किनारे स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका। उसमें सवार तीनों युवकों ने बाहर की ओर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग की भीषण लपटों ने पूरी स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। स्कॉर्पियो गाड़ी में आग लगने की सूचना पर दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस का कहना है कि स्कॉर्पियो में आग शॉर्ट सर्किट से लगना माना जा रहा है। स्कॉर्पियो में सवार तीन युवक सुरक्षित है। समय रहते गाड़ी से बाहर निकलने से बड़ा हादसा होने से बच गया।


