जोबट स्कूल के पीछे मिला 15 फीट लंबा अजगर:स्थानीय लोगों ने दी वन विभाग को सूचना; रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

अलीराजपुर जिले के जोबट में गायत्री शक्तिपीठ हाई स्कूल के पीछे 15 फीट लंबा और लगभग 40 किलो वजनी एक अजगर मिला है। यह घटना जोबट के वार्ड नंबर 8 स्थित संत रविदास कॉलोनी में हुई, जहां अजगर झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया। रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने इतने बड़े अजगर को देखा तो वे घबरा गए। अजगर झाड़ियों के पीछे छिपा बैठा था, जिससे आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत समाज सेवक बबलू बघेल को इसकी सूचना दी। बघेल ने बिना देरी किए वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम से धर्मेंद्र चौहान और सुमर सिंह कनेश मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। उसको पास के जंगल क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया। अजगर के पकड़े जाने और जंगल में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कभी सांप या अजगर दिखाई दे तो वे घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों को सुरक्षित बचाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *