कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड स्थित पटेल नगर में शनिवार की रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। चोर घर से करीब 40 हजार रुपए के जेवरात और 20 हजार रुपए नकद ले उड़े। गृहस्वामी छोटेलाल साव उर्फ डेगलाल साव का परिवार दुर्गा पूजा मनाने अपने गांव गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घटना को अंजाम दिया। पड़ोसी ने दी ताले टूटने की सूचना गृहस्वामी की पत्नी कुंती देवी ने बताया कि वे सप्तमी को अपने गांव तेलोडीह (मरकच्चो) गए थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोस की एक महिला ने फोन कर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे पति के साथ झुमरीतिलैया स्थित अपने मकान पर पहुंचीं। घर का नजारा देख वे दंग रह गईं। अलमारी से गायब थे जेवर और नकदी कुंती देवी ने बताया कि अंदर प्रवेश करने पर देखा कि कमरे में रखा बक्सा खुला हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि बक्से में रखे लगभग 40 हजार रुपए के आभूषण और 20 हजार रुपए नकद चोरी हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत तिलैया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का मुआयना कर छानबीन शुरू की। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं जिले में बीते दो-तीन महीनों से चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। पुलिस कई मामलों का खुलासा कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद चोरियों पर लगाम नहीं लग पा रही है। कुछ समय पहले ही तिलैया थाना क्षेत्र में स्पेशल ब्रांच के एक कंप्यूटर ऑपरेटर के घर से लाखों रुपए के जेवरात चोरी हुए थे। इस ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।


