देवास में बीती रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर निगम की एक हाइड्रा मशीन के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद वह बस स्टैंड से इंदिरा गांधी चौराहे तक करीब एक किलोमीटर तक अनियंत्रित दौड़ती रही। मशीन पर सवार निगम कर्मचारी भी कुछ देर तक जान जोखिम में डालकर फंसे रहे। गनीमत रही कि रात के समय सड़क पर ट्रैफिक कम था, वरना हादसा गंभीर रूप ले सकता था। फ्लेक्स हटाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नगर निगम का अमला बीती रात एबी रोड पर सेंट्रल लाइट से फ्लेक्स हटाने का काम कर रहा था। हाइड्रा क्रेन के जरिये दो कर्मचारी ऊंचाई पर चढ़कर फ्लेक्स उतार रहे थे। इसी दौरान मशीन के ब्रेक अचानक फेल हो गए और वह बेकाबू होकर आगे बढ़ने लगी। क्रेन के ट्राले में बैठे दोनों कर्मचारी भी फंस गए और जान बचाने के लिए खुद को संभालते रहे। लोगों में मचा हड़कंप, पीछा कर रोकने की कोशिश
हाइड्रा को बेकाबू हालत में दौड़ता देख आसपास के लोग घबरा गए। कई लोगों ने अपनी दोपहिया वाहनों से मशीन का पीछा करते हुए ड्राइवर को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान नगर निगम का एक अन्य वाहन भी मशीन के पीछे दौड़ता रहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मशीन लगातार सड़क पर दौड़ रही है और लोग पीछे से उसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। एक किलोमीटर बाद जाकर रुकी मशीन
करीब एक किलोमीटर तक दौड़ने के बाद हाइड्रा मशीन इंदिरा गांधी चौराहे के पास जाकर रुकी। इसके बाद उसमें फंसे दोनों कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकले और राहत की सांस ली। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। लोग इस हादसे को देखकर हैरान थे कि कैसे ब्रेक फेल होने के बावजूद कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।


