खैरथल में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रविवार तड़के विभाग की टीम ने 4200 लीटर मिलावटी दूध जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय द्वारा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला और जिला कलेक्टर किशोर कुमार के निर्देश पर 5 से 19 अक्टूबर तक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दीपावली के दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती खपत को देखते हुए विभाग ने यह अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई रविवार सुबह मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के नेतृत्व में फिरोजपुर रोड, तिजारा के पास की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम ने सुबह 4 बजे एक पिकअप और टाटा टेंपो को रोका। इन वाहनों में बड़ी टंकियों और ड्रमों में लगभग 4200 लीटर मिश्रित दूध बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। ड्राइवर आदिल पुत्र अलीम (22 वर्ष), निवासी पालपुर तिजारा से पूछताछ में पता चला कि दूध फिरोजपुर ले जाया जा रहा था। मौके पर मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से जांच करने पर दूध में मिलावट पाई गई। दूध के कानूनी नमूने लेकर खाद्य सुरक्षा लैब में भेजे गए। इसी कार्रवाई के दौरान सरजीत पुत्र पुरण, निवासी टीहली की गाड़ी में भी 200 लीटर मिलावटी दूध मिला। सरजीत ने पूछताछ में बताया कि यह दूध कृष्ण निवासी भोजराजका, कोटकासिम का है, जो वहां एक डेयरी चलाता है। टीम ने पुलिस की सहायता से जब्त किए गए पूरे मिलावटी दूध को नष्ट कराया। इस कार्रवाई में महिपाल सिंह, सुभाष यादव और रमेश भी शामिल थे। खाद्य विभाग ने बताया कि त्योहार में मिलावटखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।


