एमपी में पकड़ाए तमिलनाडु में गोल्ड लूट के 2 आरोपी:10 करोड़ का सोना, 3.5 लाख कैश बरामद; मुरैना-ग्वालियर में गोशाला-गरीबों को दान भी किया

तमिलनाडु में हुई लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हुए दो आरोपियों को बड़वानी की सेंधवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 करोड़ रुपए का 9.424 किलोग्राम सोना, 3 लाख 5 हजार रुपए कैश, एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई रविवार को बालसमुद चेक पोस्ट पर की। एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि निमाड़ रेंज डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर नांगलवाड़ी, सेंधवा शहर और ग्रामीण थानों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने बस से भाग रहे मांगीलाल कानाराम (22) निवासी जेतीवास जोधपुर और विक्रम रामनिवास जाट (18) निवासी गाना मगरा जोधपुर को पकड़ा। उनके बैग से सोने के आभूषण, सिल्लियां, कैश, पिस्टल और कारतूस मिले। आरोपियों ने लूटे गए गोल्ड को गलाकर उससे मिले करीब 11 लाख कैश गरीबों और गौशाला में दान भी किया। ड्राइवर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट की
तमिलनाडु के त्रिची जिले की स्पेशल टीम के एसआई करुणाकरण ने बताया कि वारदात 13 सितंबर को समयपुरा थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास हुई थी। चेन्नई निवासी गुनावंत अपने साथ महेश और ड्राइवर प्रदीप के साथ डिंडीगुल से चेन्नई जा रहे थे। इस दौरान एक काली कार में सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को रोका। इसके बाद ड्राइवर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर कट्टे की नोक पर लूट को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में धारा 309(4) के तहत केस दर्ज किया था। पांच आरोपियों की पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी
घटना के दो दिन बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। दो आरोपी फरार थे। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश सात राज्यों में कर रही थी। आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे थे। रविवार को बालसमुद आरटीओ चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर इन दोनों फरार आरोपियों को पकड़ा गया। ट्रांजिट रिमांड पर तमिलनाडु पुलिस को सौंपा जाएगा
आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर के बाद तमिलनाडु की त्रिची जिले की स्पेशल टीम भी सेंधवा पहुंच गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर तमिलनाडु पुलिस को सौंपा जाएगा। इनसे आगे की पूछताछ की जाएगी। गोशाला और गरीबों को दान किए लूट के 11 लाख रुपए
पुलिस की पूछताछ में आरोपी मांगीलाल ने बताया कि उसने लूटे गए सोने में से कुछ हिस्सा मुंबई में गलाने के बाद सिल्लियों में बदल लिया था। उससे मिले करीब 11 लाख रुपए कैश उसने हरियाणा, मुरैना, ग्वालियर सहित कई जगहों पर गरीबों और गोशाला में दान भी किया है। आरोपियों का एक बड़ा गिरोह है, जो इस तरह की वारदातों को अंजाम देता है। इस दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित मामले दर्ज हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *