बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र के गोदरी गांव में रविवार को मंगल पिता फागु बाहेश्वर (35) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मंगल की मौत बल्कि मानसिक तनाव के कारण हुई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मंगल के भाई पेंढारी पाटिल ने बताया कि मंगल ने गांव के ही लक्ष्मण डोंगरे से अपनी जमीन का सौदा किया था। सौदे के बयाने के तौर पर मंगल ने छह महीने पहले लक्ष्मण से एक लाख रुपए लिए थे। लक्ष्मण डोंगरे ने जमीन लेने के बजाय 10 प्रतिशत ब्याज के साथ राशि वापस मांगी। पेंढारी ने बताया कि मंगल ने किसी और से पैसे लेकर लक्ष्मण को 1.5 लाख रुपये चुका दिए थे। इसके बाद भी लक्ष्मण उस पर ब्याज के अतिरिक्त 30 हजार रुपये देने का दबाव बना रहा था। उसने समाज को भी इसकी जानकारी दी और बैठक में मंगल पर बची हुई राशि चुकाने का दबाव बनाया गया। पिछले दिनों माइक से भी कर्ज की राशि जमा करने की घोषणा की गई, जिससे मंगल कथित तौर पर मानसिक तनाव में आ गया। पेंढारी ने बताया कि घटना के समय मंगल की मां बेटी के इलाज के लिए बाहर गई हुई थीं और पत्नी काम के सिलसिले में पुणे में थी। मंगल घर में अकेला था। रविवार को जब मंगल घर से बाहर नहीं आया, तो परिजनों और पड़ोसियों ने आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा खोला गया, तो मंगल का शव पलंग पर पड़ा मिला। पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।


