कांबिंग गश्त अभियान में 30 वारंटी गिरफ्तार:रायसेन पुलिस ने वाहनों की जांच की, 45 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए

रायसेन पुलिस ने 4-5 अक्टूबर की रात को जिलेभर में कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में यह अभियान अपराधियों पर नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित किया गया। अभियान में सभी SDOP अधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने बल के साथ सक्रिय रूप से शामिल हुए। पुलिस बल ने पूरे जिले के मुख्य बाजारों, बस स्टैंडों, संवेदनशील इलाकों और थाना क्षेत्रों में पैदल तथा वाहन गश्त की।
कांबिंग गश्त के दौरान 30 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया और 45 गिरफ्तारी वारंटों की तामीली की गई। इसके अतिरिक्त, 54 संपत्ति संबंधी अपराधियों और 64 अन्य आरोपियों की भी जांच की गई। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 4 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इसी दौरान, थाना सुल्तानपुर क्षेत्र में बस स्टैंड के पास दोपहर 12 बजे एक डेढ़ वर्षीय बच्ची मिली। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लिया।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास पूछताछ की और बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। शीघ्र ही बच्ची की पहचान शबनम बी निवासी वार्ड क्रमांक 12, इंदिरा कॉलोनी, सुल्तानपुर के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्ची अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर भीड़भाड़ वाली जगह पर चली गई थी। पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसकी माँ को सौंप दिया, जिस पर परिजनों ने थाना सुल्तानपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *