पन्ना पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ शनिवार रात कार्रवाई की है। रैपुरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 6 पशुओं सहित 11 लाख 20 हजार रुपए से अधिक का सामान जब्त किया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध गतिविधियों और पशु क्रूरता के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को थाना प्रभारी रैपुरा, उप निरीक्षक संतोष सिंह यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से पशुओं को ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एक टीम गठित की गई। टीम ने तखोरी के पास संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP-90, ET-7714 को रोका। इसमें 3 भैंस और 3 पाड़ों को निर्दयतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा था। यूपी का चालक गिरफ्तार पुलिस ने मौके से वाहन चालक राजबहादुर लोधी (39 वर्ष), निवासी बांदा, उत्तर प्रदेश को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना रैपुरा में अपराध क्रमांक 234/25 के तहत धारा 11(1) पशु क्रूरता अधिनियम और 66/192 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जब्त किए गए पशुओं और पिकअप वाहन सहित कुल 11 लाख 20 हजार रुपए की जब्ती बनाई गई है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष सिंह यादव के साथ प्रआर धीरेंद्र सिंह, रवि खरे, आरक्षक राहुल सिंह, द्वारका अहिरवार और ग्राम रक्षा समिति सदस्य महेश रैकवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


