सपोटरा के नारौली डांग स्थित श्री कोठी वाले बालाजी मंदिर प्रांगण में चार दिवसीय हरिकीर्तन एवं पद दंगल का आयोजन किया गया। आम बस्ती द्वारा आयोजित इस दंगल में भजन और पौराणिक कथाओं की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दंगल के दूसरे दिन विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान रामदयाल–श्यामलाल एंड पार्टी (जोड़ली), देवफूल एंड पार्टी (पहाड़पुरा), कमलराम–रमेश एंड पार्टी (खानपुर), रामलाल भोले सैनी एंड पार्टी (औड़च) और रामनिवास–नरेश एंड पार्टी (जीरोता) जैसी कीर्तन मंडलियों ने धार्मिक एवं पौराणिक कथाओं पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी। कलाकारों की गायकी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सुबह से देर शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। दंगल के समापन अवसर पर गांव के पंच-पटेलों और आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी कलाकारों का माल्यार्पण कर और साफा पहनाकर सम्मान किया। बालाजी मंदिर परिसर में सोमवार से दो दिवसीय पद दंगल का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें रामकेश एंड पार्टी (सहजनपुर), राजूलाल एंड पार्टी (रीछोटी), दिनेश सैनी एंड पार्टी (भूडा उकेरी) और छुट्टनलाल एंड पार्टी (झारेड़ा) जैसी मंडलियां भाग लेंगी। ये मंडलियां धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित पदों की प्रस्तुतियां देंगी।


