जयपुर से हिंडौन जाते वक्त डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा का महुवा विधायक राजेंद्र मीणा ने स्वागत कर कई मांग रखी। जिन पर डिप्टी सीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने केन्द्रीय बस स्टेण्ड, महवा को क्रमोन्नत कर महवा डिपो बनवाने, बसों के ठहराव और केन्द्रीय बस स्टेण्ड, महवा के संचालन के संबंध में मांग रखी। विधायक ने बताया- महवा नगरपालिका क्षेत्र में केन्द्रीय बस स्टेण्ड संचालित है। जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर स्थित जिले का प्रमुख कस्बा है एवं यह पूर्वी राजस्थान का सड़क यातायात का प्रमुख जंक्शन है। ऐसे में महवा में डिपो होने से क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। बालाहेडी स्टेण्ड पर बसों के स्टॉपेज की मांग उन्होंने कहा- विधानसभा क्षेत्र का बालाहेडी बस स्टेण्ड, जो कि नेशनल हाईवे 21 पर स्थित है। कस्बे को पीतल के बर्तन बनाने के नाम से भी जाना जाता है। यहां से जयपुर, दौसा, भरतपुर, आगरा, करौली एवं अलवर आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही बनी रहती है। यहां बसों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। ऐसे में बालाहेडी बस स्टेण्ड पर जयपुर से भरतपुर, आगरा जाने वाली बसों का ठकराव हो। दौसा से हो महुवा बस स्टेण्ड का संचालन विधायक ने बताया- महवा में रोडवेज बस का स्टेण्ड संचालित है। वर्तमान में इस बस स्टेण्ड का संचालन हिण्डौन आगार द्वारा किया जा रहा है, जो कि करौली जिले में आता है। जबकि महवा, दौसा जिले में आता है। राज्य सरकार ने बजट घोषणा में महवा बस स्टेण्ड के विकास के लिए 1.50 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए है, जिसका कार्य शुरू किया जा चुका है। भविष्य में भी बस स्टेण्ड के विकास को लेकर करौली जिले से संचालित होने की वजह से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति में परेशानी आती है। ऐसे में महवा बस स्टेण्ड का संचालन भार हिण्डौन डिपो के स्थान पर दौसा डिपो से हो। इस संबंध में हिण्डौन डिपो के मुख्य प्रबंधक ने भी कार्यकारी निदेशक (प्रशासन) को पत्र लिखा है।


