नर्मदापुरम जिले के फुटबॉल खिलाड़ी नमन चौधरी ने शालेय संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया पर पक्षपात के आरोप लगाए हैं। खिलाड़ी ने नर्मदापुरम जिला खेल अधिकारी वंदना रघुवंशी, बैतूल जिला खेल अधिकारी धर्मेंद्र पवार और एक व्यक्ति दीपू पुरोहित पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। नाम हटाने का आरोप, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की इस संबंध में नमन चौधरी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने खेल चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता नमन चौधरी का आरोप है कि शिक्षा विभाग में पदस्थ जिला खेल अधिकारी वंदना रघुवंशी ने नियमों के विरुद्ध एक निजी व्यक्ति दीपू पुरोहित को खेल प्रशिक्षक बनाकर नर्मदापुरम से संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए बैतूल भेजा था। दीपू पुरोहित ने राज्य स्तरीय खिलाड़ियों की प्रारंभिक सूची तैयार की थी। सूची में नमन चौधरी का चयन किया गया था। खिलाड़ी ने कहा कि बाद में दीपू पुरोहित और बैतूल के जिला खेल अधिकारी धर्मेंद्र पवार ने मिलकर चयन सूची में बदलाव कर दिया। नई सूची में केवल दीपू पुरोहित के खेल मैदान से जुड़े खिलाड़ियों को ही शामिल किया गया। नमन का नाम भी हटा दिया था। मेरा खेल भविष्य प्रभावित हुआ- खिलाड़ी नमन चौधरी का कहना है कि उन्हें इटारसी का निवासी होने के कारण सूची से बाहर कर दिया गया। इस मनमानी के कारण उनका खेल भविष्य प्रभावित हुआ और उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर नहीं मिल पाया। उन्होंने इसे शिक्षा विभाग की फुटबॉल प्रतियोगिता चयन प्रक्रिया में अनियमितता और पक्षपात बताया है। नमन चौधरी ने अपनी शिकायत में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी खिलाड़ी के साथ ऐसा अन्याय न हो।


