धूमा में कल महाकाली चल समारोह:एसडीएम-एसडीओपी ने लिया सुरक्षा जायजा, पिछले साल हुई थी 3 मौतें

सिवनी जिले के धूमा में माता महाकाली का चल समारोह कल आयोजित किया जाएगा। पिछले वर्ष विसर्जन यात्रा के दौरान करंट लगने से तीन युवकों की मौत हो गई थी, जिसके चलते इस बार प्रशासन विशेष रूप से सतर्क है। आज एसडीएम और एसडीओपी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। यह घटना बीते वर्ष विसर्जन के पूर्व रथ निकालते समय हुई थी, जिसमें तीन युवकों ने अपनी जान गंवा दी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष के चल समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। एसडीएम रवि कुमार सिहाग और एसडीओपी अपूर्व भलावी ने आज कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कार्यक्रम निर्विवाद रूप से संपन्न हो। शीतला माई महाकाली महोत्सव समिति धूमा के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि में माता महाकाली की विशेष पूजा-अर्चना और मूर्ति विसर्जन तक की अपनी अनूठी कार्यशैली के लिए यह महोत्सव पूरे मध्यांचल में प्रसिद्ध है। समिति अध्यक्ष मुकेश साहू ने जानकारी दी कि इस वर्ष की विसर्जन यात्रा में छिंदवाड़ा से शिव तांडव नृत्य, रतलाम से अघोरी नृत्य, नरसिंहपुर से ढोल-नगाड़े, मंडला से आदिवासी लोकनृत्य और मध्य भारत के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा कलाकार शामिल होंगे। माता महाकाली की महाआरती विशिष्ट पुजारियों द्वारा की जाएगी, जिसके साथ विभिन्न अखाड़ों की प्रस्तुति भी होगी। कार्यक्रम के दौरान देर रात तक जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा शांति और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं और विशेष निगरानी रखी जाएगी। समिति ने सभी भक्तों से अधिक संख्या में पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *