दतिया में ऑटो से पौने दो लाख के जेवर चोरी:ऑटो में सवार महिलाओं ने उड़ाए लाखों के जेवरात; सराफा दुकान से लौट रही थीं

दतिया शहर में दिनदहाड़े चोरी की एक वारदात सामने आई है। मामला शनिवार दोपहर करीब 3 बजे का है। जहां दो महिलाओं के पर्स से अज्ञात महिलाओं ने सोने-चाँदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़िताओं ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच के बाद रविवार को मामला दर्ज किया। सपना रावत पत्नी जितेन्द्र रावत (30) निवासी बुंदेला कॉलोनी दतिया ने पुलिस को बताया कि, वह अपनी नंद वर्षा रावत के साथ शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे रतन सर्राफा की दुकान पर मंगलसूत्र और चैन सुधरवाने गई थीं। इस दौरान दोनों ने नई चांदी की पायलें और बिछिया भी खरीदीं। इसके बाद दोनों महिलाएं किला चौक से ऑटो में बैठकर घर लौट रही थीं, तभी ऑटो में दो अज्ञात महिलाएं भी आकर उनके पास बैठ गईं। जब दोनों रामराजा कॉम्प्लेक्स के पास उतरीं और सामान लेने लगीं, तब तकरीबन दोपहर 3 बजे उन्होंने देखा कि उनके पर्स से सोने और चाँदी के जेवरात गायब थे। सपना रावत के पर्स से सोने का मंगलसूत्र और चाँदी की पायल, जबकि वर्षा रावत के पर्स से सोने की चैन, चाँदी की पायल और बिछिया चोरी हो गईं। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग करीब 1.75 लाख बताई जा रही है। कोतवाली टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *