झालावाड़ जिले में पहली बार तीन दिवसीय राज्य स्तरीय नाक, कान, गला (ईएनटी) कॉन्फ्रेंस का आयोजन 3 से 5 अक्टूबर तक किया गया। इसमें देश-विदेश के 400 से अधिक ईएनटी विशेषज्ञ सर्जन शामिल हुए। कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य नई चिकित्सा तकनीकों और रिसर्च पत्रों के माध्यम से डॉक्टरों को अपडेट करना था। आयोजन के पहले दिन, 3 अक्टूबर को झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में लगभग 20 ऑपरेशन किए गए, जिनका सीधा प्रसारण कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। इसके बाद 4 और 5 अक्टूबर को एनाटॅामी विभाग से कडैवेरिक विच्छेदन का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी मिली। 4 अक्टूबर को कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इसमें जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ मुख्य मेहमान रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुढ़ानिया और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. ऋषि दीवान विशिष्ट मेहमान के रूप में मौजूद थे। अतिथियों ने ऐसे राज्य स्तरीय आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ये चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीकों को अपडेट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस आयोजन में डॉ. जे एंडरसन (अमेरिका) और डॉ. उल्लास राघवन (लंदन) जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डॉक्टरों ने व्याख्यान प्रस्तुत किए। इनके अतिरिक्त, डॉ. रेणुका मेडम (मुंबई), डॉ. शरद महेश्वरी (दिल्ली), डॉ. राजेश विश्वकर्मा (अहमदाबाद), डॉ. रवि मेहर (दिल्ली), डॉ. दीपा नायर (मुंबई) और डॉ. राहुल (मुंबई) ने भी अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए और नई तकनीकों से अवगत कराया। राज्य स्तरीय इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. विक्रांत माथुर (अध्यक्ष), डॉ. अरुण पटेल (सचिव), डॉ. कुलदीप सिंह राणा (उपाध्यक्ष), डॉ. राकेश वर्मा (कोषाध्यक्ष) और डॉ. अंशुल विजय (सह सचिव) सहित ए.ओ.आई. की राजस्थान शाखा के अध्यक्ष डॉ. पी.सी. वर्मा और सचिव डॉ. पवन सिंघल ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कॉन्फ्रेंस में शोध पत्रों, लाइव सर्जरी, कैडेवर विच्छेदन और हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग के माध्यम से नई चिकित्सा जानकारियां साझा की गईं।


