संभल में 6 से 13 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले कल्कि महोत्सव/विकासोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बहजोई स्थित जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें महोत्सव के अंतर्गत होने वाले विभागीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद, जिलाधिकारी ने वीडियो गोरखनाथ भट्ट, एडीएम प्रदीप वर्मा और डिप्टी कलेक्टर निधि पटेल के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। महोत्सव के पहले दिन, 6 अक्टूबर को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं। सुबह 11 बजे तक “बदलता उत्तर प्रदेश: प्रोजेक्ट अलंकार” विषय पर माध्यमिक शिक्षा का कार्यक्रम होगा, जिसमें माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी मुख्य अतिथि होंगी। इसके बाद, शाम 4 बजे तक “मत्स्य में रोजगार आत्मनिर्भरता की ओर उत्तर प्रदेश” विषय पर मत्स्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें मत्स्य मंत्री संजय कुमार निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शाम 7 बजे सांस्कृतिक संध्या के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा, जिसमें माध्यमिक शिक्षामंत्री गुलाब देवी, प्रभारी मंत्री होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति और मंडलायुक्त मुरादाबाद आंजनेय कुमार सिंह उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में जिला विकास अधिकारी राम आशीष, परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्ञान सिंह, उपजिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी, डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बहजोई नीतू रानी, डिप्टी कलक्टर निधि पटेल, डिप्टी कलक्टर सौरभ कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर रामानुज और जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी रत्नेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


