पिसावां थाना क्षेत्र के कस्बा कुतुबनगर में रविवार की शाम जमुद्दी तालाब के पास शौच के लिए गए 9 वर्षीय मासूम की मौत ट्रैक्टर से जुड़े हैरो की चपेट में आने से हो गई। घटना से परिवार और गांव में कोहराम मच गया है। कस्बा कुतुबनगर निवासी चेतराम का बेटा आयुष (9) वर्ष रविवार की शाम शौच के लिए जमुद्दी तालाब के किनारे गया हुआ था। उसी दौरान कस्बे के ही रहने वाले मुंडली उर्फ हनीफ अपने बेटे जान मोहम्मद के साथ ट्रैक्टर में हैरो जोड़े खेत की तरफ जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर ने मोड़ लिया, तालाब किनारे बैठा आयुष अचानक हैरो की चपेट में आ गया। हादसे में मासूम का सिर बुरी तरह फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल आयुष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे घर में मातम छा गया। इधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर और हैरो को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चालक ट्रैक्टर को सावधानी से मोड़ता तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। बच्चे की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


