जगदलपुर के लोकमान्य तिलक वार्ड और धरमपुरा इलाके में सड़क बदहाल है। हाउसिंग बोर्ड के चल रहे निर्माण कार्य की वजह से मुख्य सड़कों की स्थिति खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे हैं। कीचड़ से सड़क सनी पड़ी है। जिससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को मेयर संजय पांडेय भी इलाके में पहुंचे। वार्ड के लोगों ने महापौर को अपनी समस्याएं बताई। जिसके बाद उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से ही हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता (ईई) एम के सोम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के ईई राजीव बत्रा को फोन लगाकर फटकार लगाई। विभागों को तुरंत जिम्मेदारी निभानी होगी महापौर संजय पांडेय ने सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत करने और मरम्मत कार्य का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि, नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही हमारी प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों के चलते यदि नागरिकों को असुविधा हो रही है, तो संबंधित विभागों को तुरंत जिम्मेदारी निभानी होगी। अधिकारियों से कहा कि, सड़क मरम्मत का कार्य बिना देरी किए शुरू किया जाए और जल्द से जल्द प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, जिससे धरमपुरा के लोगों को राहत मिल सके। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को पूरा करने कहा।


