भास्कर न्यूज |कांकेर सर्व धोबी समाज का शहर के नया कम्युनिटी हाल मे दो दिवसीय 18 वां वार्षिक महासम्मेलन शुरु हुआ। इसके पहले दिन रविवार को विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अतिथियों व समाज के पदाधिकारियों को सम्मानित करने के बाद बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम व मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। वार्षिक महासम्मेलन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। शहर के नया कम्युनिटी हॉल में सर्व धोबी समाज का महासंघ का दो दिवसीय महासम्मेलन हो रहा है। इसमें 5 अक्टूबर को महासम्मेलन के प्रथम दिन अतिथियों व सामाजिक पदाधिकारियों का सम्मान व संबोधन हुआ। इसके बाद मेधावी छात्रों का सम्मान व रंगोली, कलश सजाओ प्रतियोगिता हुई। बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। रात तक कार्यक्रम चला रहा। सम्मेलन का शुभारंभ धोबी समाज के ईष्ट गुरू संत गाड़गे महाराज की पूजन व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें समाज के पदाधिकारी गोपाल दुर्गासी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा कराया। सभी अतिथियों व पदाधिकारियों ने संत गाड़गे महाराज को श्रध्दा सुमन अर्पित कर याद किया। इसके बाद वार्षिक सम्मेलन की शुरुआतत हुई। कार्यक्रम में रजककार बोर्ड विकास के प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद रजक ने कहा रजककार बोर्ड विकास की तरफ से लांड्री व्यवसायियों को ड्राइक्लीनिंग व्यवसाय का प्रशिक्षत कर उन्हें उन्नत करने का प्रयास करेंगे। इसमें समाज के लोग बेहतर ढंग से अपना व्यवसाय कर सके और ज्यादा आमदनी हो। समाज के लोगों को आत्मनिर्भर के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। सरकार की चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें गृह उद्योग में लोन दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। समाज के युवक व युवतियों को संस्कारों को लेकर प्रशिक्षित करने का उद्देश्य है। यह मूल श्रोत है। समाज के नियम कायदे सभी के हित में होते हैं: विधायक आशाराम नेताम ने कहा सर्व धोबी समाज के कार्यक्रम में आकर अच्छा महसूस कर रहा हूं। सभी को समाज के बताए हुए नियमों के अनुसार चलना चाहिए। समाज के नियम कायदा सभी के हित में होते हैं। समाज के युवक-युवतियों को भी सामाजिक नियमों का पालन करते हुए मर्यादित व अनुशासित रहना चाहिए। समाज में एकता व संगठित होना जरूरी है। समाजजनों को धर्मांतरण को लेकर पूरी तरह से सजग रहना है। पूरे समाज के साथ पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि यदि धर्मांतरण हो रहा है, तो उसका विरोध करें। यदि किसी समाज में धर्मांतरण होता है, तो यह पूरे समाज के लिए नुकसान है, क्योंकि धर्मांतरण से वह समाज और छोटा हो जाएगा। उन्होंने नशामुक्ति को लेकर कहा कैंसर का इलाज हो सकता है, लेकिन नशा जिस पर पूरी तरह से हावी हो जाता है। उसका इलाज संभव नही है। समाजजन नशा से पूरी तरह से दूर रहे और अपने विकास पर ध्यान दें। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने कहा संत गाड़गे महाराज ने स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया। वे समाज में पाखंड के घोर विरोधी थे। सामाजिक कामों में उनका योगदान अमूल्य है। समाज को संगठित रहना चाहिए। सर्व धोबी समाज के प्रदेश अध्यक्ष शंकर निर्मलकर ने कहा समाज में इस तरह से कार्यक्रम का आयोजन होना चाहिए, ताकि समाज संगठित हो। समाजजनों को संगठित रहने का प्रयास करना चाहिए। सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में अतिथि पार्षद चित्रलेखा जैन, सलीम मेमन, नरेंद्र साहू, चंद्रलोक सिंह ठाकुर, मंजु सारथी उपस्थित थे। 10वीं, 12 वीं के मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान 10 वीं, 12 वी में उच्चतम अंक लाने वाले मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया। इसमें संजय नगर के श्वेतभांगी रजक, कांकेर के आशीष रजक, सारवंडी के डिम्पल, अरौद से निश्चल रजक, कांकेर से जानवी रजक, देवी नवागांव से गुंजन रजक, देवीनवागांव से चांदनी रजक, हाराडुला की वर्षा सोनवानी, शिवनगर से हेमंत रजक, सरोना से एशांत रजक को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। दूसरे दिन युवक-युवती परिचय सम्मेलन व सामाजिक चर्चा का आयोजन होगा।


