राजनगर| राजनगर थाना क्षेत्र के मगरकेला (ढीपासाई) निवासी शंकर गोप (42 वर्ष) की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वे बीते शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था। घटना हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) स्थित राजनगर विद्युत सब स्टेशन के पास शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई थी। इस दौरान एक कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार शंकर गोप और बागबेड़ा, जमशेदपुर निवासी रामकृष्ण पात्र (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया था। रविवार को इलाज के क्रम में शंकर गोप ने दम तोड़ दिया। स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों में उनके निधन से शोक की लहर है।


