शहर की पहचान माने जाने वाले फ्लाईओवरों की हालत इन दिनों काफी खराब हो चुकी है। शहरवासियों को सुविधा देने के लिए बनाए गए फ्लाईओवर अब परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। शहर के प्रमुख फ्लाईओवर जैसे कि कचहरी फ्लाईओवर, हुसैनपुरा फ्लाईओवर, भंडारी फ्लाईओवर, पिंगलवाड़ा के पास उतरता फ्लाईओवर और चाटीविंड नहर पर बना फ्लाईओवर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इन फ्लाईओवरों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है और गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। कई स्थानों पर फ्लाईओवर की सड़कें इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं कि यह हादसों को न्यौता दे रही हैं। राहगीरों का कहना है कि फ्लाईओवर पर वाहन आमतौर पर तेज गति से चलते हैं, ऐसे में अचानक आने वाला गड्ढा वाहन का बैलेंस बिगाड़ सकता है और जानलेवा साबित हो सकता है। खासकर दोपहिया वाहनचालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है। शहर के लोगों का कहना है कि नगर निगम और संबंधित विभाग को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए। फ्लाईओवरों की मरम्मत को प्राथमिकता पर लिया जाए ताकि आने वाले समय में बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सके। क्योंकि दिन के समय भी यह जानलेवा है वहीं रात को भारी परेशानी बन सकते है। इसके अलावा शहर की सुंदरता और पहचान का प्रतीक माने जाने वाले ये फ्लाईओवर अब बदहाली का चित्र बन चुके हैं। इनकी जर्जर हालत से न केवल सफर करने वालों को परेशानी हो रही है, बल्कि शहर की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। लोगों की मांग है कि नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग को मिलकर फ्लाईओवरों की स्थिति का जल्द से जल्द जायजा लेना चाहिए और समयबद्ध मरम्मत कार्य शुरू करना चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके और हादसों पर रोक लगाई जा सके। शहर के सभी फ्लाईओवरों की सड़कों पर पैच वर्क का कार्य शुरू कर दिया गया है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है। नगर निगम प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सभी फ्लाईओवरों की मरम्मत करवाएगा। – संदीप सिंह, सिविल इंजीनियर, नगर निगम।


