भास्कर एक्सक्लूिसव निजी स्कूलों में सत्र 2025-26 की पढ़ाई अप्रैल माह से शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी तक जिले में आरटीई के तहत बीपीएल बच्चों का नामांकन प्रक्रिया पूरा नहीं हुआ है। सत्र शुरू होने के चार माह बाद विभाग की ओर से पहली सूची 24 जुलाई को जारी की गई, जिसमें कुल 588 छात्रों का चयन किया गया। वहीं 287 छात्रों को प्रतीक्षा सूची में छोड़ दिया गया है। इसका अब तक कोई अता-पता भी नहीं है। दूसरी सूची के इंतजार में विद्यार्थी व अभिभावक दोनों परेशान हैं। पहली सूची जारी होने के लगभग तीन महीने बीतने को है। लेकिन दूसरी सूची जारी करने में शिक्षा विभाग की कार्य प्रणाली संदेहास्पद है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत सभी निजी स्कूलों में 25% बीपीएल बच्चों का नामांकन लिया जाना है। नामांकन करवाने में शिक्षा विभाग देर कर रहा है। बीते साल भी देरी होने की वजह से 543 सीटों में मात्र 383 (75.52%) बच्चों का ही नामांकन हुआ था। इस साल भी वही स्थिति बनती जा रही है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण बीपीएल परिवार के बच्चों को पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस बार भी निजी स्कूलों में नए सत्र की पढ़ाई लगभग सात महीने से जारी है। यहां तक कि हाफ ईयरली परीक्षा भी हो चुकी है। अब आरटीई से नामांकन होने पर इन बच्चों का सिलेबस कैसे पूरा होगा, यह बड़ा सवाल है। इस साल ऑनलाइन आवेदन जमा करने की तिथि 6 फरवरी से 6 मार्च तक थी। लेकिन स्क्रूटनी में विभाग देर कर रहा है। कागजात की जांच के बाद सूची जारी की जाएगी। चयनित बच्चों का भौतिक सत्यापन और लोकेशन टैग किया जाएगा। सही पाए जाने वाले बच्चों का नामांकन होगा। नामांकन के लिए इन स्कूलों का चयन शैक्षणिक सत्र 2025-26 में डीएवी स्कूल ढोरी, कृष्णा सुदर्शन सेंट्रल स्कूल, कस्तूरबा श्री विद्या निकेतन ढोरी, डीएवी कथारा, संत पाल मॉडर्न बीटीपीएस, रुक्मिणी देवी स्कूल फुसरो, डीएवी दुग्दा, सरस्वती विद्या मंदिर दुग्दा, डीएवी भंडारीदह, सेक्टर-6 क्रिसेंट स्कूल, बीपीएस सेक्टर-3, सेक्टर-6 डीएवी, सेक्टर-9 सरदार पटेल स्कूल, आदर्श विद्या मंदिर चास, एआरएस स्कूल एलएच, चिन्मय विद्यालय आदि शिामल है। जल्द दूसरी सूची जारी की जाएगी इस साल सत्र 2025-26 में जिले के 47 स्कूलों में लगभग 875 सीट बीपीएल बच्चों के लिए आरक्षित किया गया है। लेकिन नामांकन के लिए लगभग सात महीने बीतने के बाद भी दूसरी सूची जारी नहीं हुई है। इस साल आरटीई के तहत 875 बच्चों के एडमिशन का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से 588 चयनित बच्चों की पहली सूची जुलाई माह में ही जारी कर दी गई थी, जिनका लगभग एडमिशन भी हो चुका है। सेक्टर-4 निवासी राजू गोराई ने कहा कि लंबे समय से आवेदन जमा कर इंतजार कर रहे हैं। बीएएसएल एलएच झोपड़ी निवासी शांति लता ने कहा कि दूसरी सूची का इंतजार है। 47 निजी स्कूलों में 875 सीट है आरक्षित


