मौसम का हाल:30 सितंबर को मानसून सीजन खत्म, फिर भी अक्टूबर में 155% ज्यादा हुई बारिश

30 सितंबर को खत्म हो चुके मानसून सीजन के बाद भी लगातार बारिश हो रही है। हालांकि मानसून की विदाई तक बारिश जारी रहती है, लेकिन अक्टूबर के पहले सप्ताह पूरे छत्तीसगढ़ में 45.6 मिमी बारिश हो चुकी है। 1 से 5 अक्टूबर तक की औसत बारिश 17.9 मिमी है। यानी औसत से 155 फीसदी ज्यादा पानी गिर चुका है। आने वाले एक-दो दिन बारिश के हालात बने रहेंगे। इसके बाद मानसून की तीव्रता और गतिविधियों में कमी आएगी। प्रदेश में मानसून सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। इस दौरान की बारिश ही मानसून की सीजनल बारिश के तौर पर रिकार्ड की जाती है। इसके बाद बारिश सालाना वर्षा में काउंट होती है। छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई आमतौर पर 15 अक्टूबर या उसके बाद ही होती है। ऐसे हालात में अक्टूबर के पहले पखवाड़े में बारिश होती ही है। इस साल महीने के पहले सप्ताह में ही बने मजबूत सिस्टम की वजह से अब तक अच्छी बारिश हो चुकी है। रायपुर जिले में 480 फीसदी तक ज्यादा बारिश हो चुकी है। 1964 में रायपुर के इतिहास में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड
रायपुर शहर में अक्टूबर के महीने के किसी एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश का रिकार्ड 1964 में दर्ज किया गया। इस साल 20 अक्टूबर 1964 के दिन 24 घंटे में रिकार्ड 118 मिमी बारिश हुई थी। 1904 से अब तक यानी 121 साल में कभी यह रिकार्ड नहीं टूटा। इसके बाद 2005 में 16 अक्टूबर को 24 घंटे में 78.6 मिमी बारिश हुई है। 2025 में रायपुर में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश 3 अक्टूबर को 37.5 मिमी रिकार्ड किया गया। आगे क्या 8 अक्टूबर के बाद खुलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्टूबर के बाद पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में कमी आएगी। 8 अक्टूबर के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। इससे पहले प्रदेश में आसान में हल्के बादल रहेंगे। कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राजधानी में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *