सिटी रिपोर्टर | बोकारो बालीडीह थाना पुलिस ने मोबाइल छीनने वाले सिजुआ निवासी समीर अंसारी को एक छिनतई किए गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। उसे पुलिस ने रविवार को कागजी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि गौस नगर सिवनडीह निवासी मो. सुलेमान हुसैन का रेल फाटक के पास अपराधियों ने मारपीट कर मोबाइल छीन लिया था। इस संबंध में उन्होंने 2 अक्टूबर को बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू किया। छानबीन के दौरान मोबाइल को ट्रेस किया गया। उक्त मोबाइल का लोकेशन मिलने के बाद पुलिस की एक टीम बनाकर घटना में संलिप्त सिजुआ निवासी आरोपी समीर अंसारी को मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बताया कि आरोपी युवक सुनसान सड़क पर अपने साथियों के साथ रैकी करता था। अंधेरे में गुजरने वाले लोगों व बाइक सवारों को रोककर जान मारने की धमकी देता और उनके पास से रूपया व मोबाइल आदि छीनने का काम करता था।


