सिटी रिपोर्टर | बोकारो रविवार को बोकारो में इलेक्ट्रोस्टील की ओर से आयोजित ईएसएल वॉकथॉन 2025 का आयोजन किया गया। इसमें फिटनेस, सामाजिक एकता और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। वेदांता समूह की इस पहल में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। वॉकथॉन नया मोड़ से शुरू होकर लाल बहादुर शास्त्री चौक सेक्टर-6 कुल 10 किलोमीटर की दूरी तय कर संपन्न हुआ। प्रथम स्थान सिक्योरिटी विभाग के लगन हास्ते, द्वितीय स्थान रविंद्र कुमार पांडे और तृतीय स्थान जोसे एसएल ने प्राप्त किया। शुरुआत मुख्य अतिथि चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह व ईएसएल के डिप्टी सीईओ और पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। निदेशक ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल स्वास्थ्य के लिए नहीं, बल्कि हर बच्चे को भूख से मुक्ति दिलाने की दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि वेदांता समूह एक विशेष मोबाइल ऐप के माध्यम से चलने या दौड़ने की हर गतिविधि को समाजसेवा में बदल रहा है। हर किलोमीटर के बदले एक बच्चे को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, यह सेवा अनिल अग्रवाल फाउंडेशन की नंद घर पहल के तहत हो रही है। ईएसएल बोकारो ने अब तक 1.17 लाख भोजन का योगदान देकर इस मुहिम को मजबूती दी है। मुख्य आयोजन 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि चीराचास थाना प्रभारी चंदन कुमार दूबे, ईसीएल के आशीष भारद्वाज, श्यामली मिंज, संजय सिन्हा, अनूप सिंह नागी, संजीव तिवारी, दुर्गा पांडा, जगेश्वर प्रसाद वर्मा आदि थे।


