बोकारो | चास थाना में क्षेत्र की एक महिला ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में चास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण के आरोपी पटेल नगर चास निवासी बिट्टू कुमार गोस्वामी को गिरफ्तार किया है, जबकि किशोरी को भी बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में महिला ने बताया कि एक अक्टूबर को बेटी को आरोपी बिट्टू बहला-फुसलाकर अपहरण करके अपने घर ले गया। उन्हें इसकी जानकारी हुई तो आरोपी के घर पहुंच बेटी को लौटाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी युवक के अभिभावकों ने उल्टे उन्हें गाली-गलौज व धमकी देते हुए भगा दिया। साथ ही पुलिस के पास जाने पर मारपीट की धमकी दी गई थी। इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंची। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया है, जबकि किशोरी का मेडिकल जांच व बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी है।


