सिटी रिपोर्टर | बोकारो चास नगर निगम क्षेत्र के सबसे बड़ी कॉलोनी रामनगर कॉलोनी बारिश के कारण त्रस्त है। यहां नाली तो है, लेकिन सही तरीके से निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जोरिया की तरह बहता है। इससे आवाजाही बिल्कुल ही ठप हो जाती है। वहीं दर्जनों लोगों के घरों में गंदा पानी घुस जाता है। चास नगर निगम के वार्ड 14 के रामनगर कॉलोनी की मुख्य सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहने से मुहल्ले वासियों का जीना दूभर है। यहां सड़कों पर सिवरेज का पानी भरा रहता है और बहता रहता है। लगभग एक वर्ष पहले नगर निगम की ओर से इस समस्या के निराकरण के लिए बड़ा नाला का निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन काम नहीं आया। नतीजतन लोगों की समस्या इस बरसात में भी दूर नहीं हुई। लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। और तो और दुर्गंध और मच्छरों से लोगों को महामारी फैलने का डर भी सता रहा है। ऐसे में लोगों के अंदर आक्रोश है। पूछे जाने पर निवर्तमान पार्षद लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि नगर निगम के पदाधिकारी को कई बार पत्र दिया गया है और मांग की गई बावजूद समाधान नहीं किया गया।


