गिरिडीह शहर के हुट्टी बाजार में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। बच्चों के बीच हुए झगड़े में अचानक से बड़े आपस में भिड़ गए। इसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, झगड़ा कुछ ही मिनटों में इतना बढ़ गया कि पूरे इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस की तैनाती से स्थिति पर हुआ काबू घटना की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव और बढ़ गया, क्योंकि दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए थे। स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। डीएसपी नीरज कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल हालात को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया। देर रात तक इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती रही, ताकि कोई भी अप्रिय घटना न हो। पुरानी रंजिश की वजह से बढ़ा था विवाद पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि हुट्टी बाजार के ही दो मोहल्ले के लोगों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। रविवार शाम बच्चों के बीच हुई झड़प ने इस पुरानी रंजिश को और भड़का दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बड़े भी आपस में भिड़ गए और हालात हिंसक झड़प में बदल गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद की जड़ पुराना आपसी मनमुटाव है, जो लंबे समय से चल रहा था। बच्चों की नोकझोंक ने बस इस आग में घी का काम किया। एफआईआर हुई दर्ज, जांच जारी नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट और विवाद की शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और अब दोनों पक्षों की ओर से मिले आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल, मामले की गहन जांच चल रही है। पुलिस सतर्कता बरत रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो। नगर थाना परिसर में देर रात तक दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे, वहीं प्रशासन लगातार इलाके पर नजर रखे हुए है।


