अजमेर के वैशाली नगर संतोषी माता मंदिर के सामने वाली गली में मस्त महादेव ढाबा रेस्टोरेंट की किचन में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। रेस्टोरेंट के तीन मंजिला भवन में धुआं भर गया। रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों ने ग्राहकों को तुरंत बाहर निकाला और दरवाजे बंद कर बाहर आ गए। फायर ब्रिगेड दल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां पहुंचने के लिए दमकलकर्मियों ने शीशे तोड़े। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेस्टोरेंट की किचन का सामान खराब हो गया। खास बात यह रही कि रेस्टोरेंट में फायर फाइटिंग सिस्टम लगा हुआ था, इसका एक बार भी उपयोग नहीं हुआ था। बिजली वायरों में शॉर्ट सर्किट से आग लगते ही सबसे पहले होटल संचालक ने बिजली सप्लाई बंद कर दी। फायर फाइटिंग सिस्टम बिजली से ही चलता है, यही कारण रहा कि सिस्टम का उपयोग नहीं किया जा सका। गनीमत रही अजमेर के ढाबा रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने भीषण रूप नहीं लिया अन्यथा आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।


