छतरपुर में CCTV कैमरे और पुलिस गश्त बढ़ेगी:चेहरा ढ़ककर आने वालों पर नजर रखी जाएगी; त्योहारों में ट्रैफिक और सुरक्षा पर सख्ती

धनतेरस और दीपावली से पहले शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने देर रात व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि त्योहारों के दौरान शहर के बाजारों में CCTV कैमरे बढ़ाए जाएंगे, पुराने कैमरों की नियमित जांच होगी, और चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों से सावधानी बरती जाएगी। इसके साथ ही, बाजारों में पुलिस और महिला पुलिस बल की उपस्थिति बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सर्राफा, कपड़ा, किराना और इलेक्ट्रॉनिक वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) रविंद्र मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी, और यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत भी मौजूद रहे। एसपी अगम जैन ने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ और बढ़ती नकदी के बीच सुरक्षा सतर्कता बेहद जरूरी है। चक्षु अभियान के तहत दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनका समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कोई भी ग्राहक चेहरा ढककर दुकान में आए तो विनम्रता से चेहरा दिखाने का अनुरोध करें, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सके। एसपी ने यह भी कहा कि दुकानों में एक जिम्मेदार व्यक्ति यह सुनिश्चित करे कि ग्राहक द्वारा खरीदा गया सामान और किया गया भुगतान सही है, ताकि चोरी या ठगी जैसी घटनाओं से बचा जा सके। बैठक में व्यापारियों ने भी अपने सुझाव रखे। जिन पर एसपी ने बाजारों में गश्त बढ़ाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानों के सामने अनावश्यक वाहन न खड़े किए जाएं, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *