बड़वानी जिले के पाटी में सोमवार को कोचागिरी शरद पूर्णिमा के अवसर पर शिवपंथी सत्संग परिवार की ओर से नशामुक्ति अभियान के तहत एक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को शामिल होना था, लेकिन उनका बड़वानी दौरा निरस्त हो गया है। अब कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल शामिल होंगे। सीएम डॉ. मोहन यादव आज छिंदवाड़ा के दौरे पर रहेंगे, जिसके चलते उनका बड़वानी जिले का कार्यक्रम रद्द किया गया है। वे पाटी में शिवपंथी नशामुक्ति कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाएंगे। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल के साथ राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। प्रभारी मंत्री और सांसद ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया प्रभारी मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए, लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव और पूर्व जिला अध्यक्ष ओम सोनी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सुबह कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पटेल फलिया पहुंचकर शिवपंथी सत्संग परिवार के सदस्यों से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को साफ-सफाई, टेंट, बैरिकेड्स, बैठक व्यवस्था, मंच और पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पूजा-अर्चना के साथ 70 फीट ऊंचा ध्वज स्थापित की कार्यक्रम स्थल पर शिवपंथी सत्संग परिवार की ओर से विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर 70 फीट ऊंचे ध्वज की स्थापना की गई। इस ध्वज के लिए 70 फीट ऊंची नीलगिरी पेड़ की लकड़ी सेमली से लाई गई थी। पेड़ को काटने से पहले भी विधि-विधान से पूजा की गई। लकड़ी को ट्रैक्टर-ट्रॉली में कार्यक्रम स्थल तक लाया गया और सैकड़ों शिवपंथी परिवार के सदस्यों ने रस्सियों की मदद से इसे खड़ा कर जमीन में स्थापित किया।


