इंदौर में बायपास पर कुत्ते को बचाने की कोशिश में बाइक सवार देवर-भाभी का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस का भी संतुलन बिगड़ा, लेकिन ड्राइवर ने सतर्कता दिखाते हुए बस को संभाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गिरने से देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार देर शाम बायपास स्थित पांच महुआ रोड, सिमरोल के पास हुआ। फूल व्यवसायी लाल सिंह (34) और उनकी भाभी संजना कुशवाह (38) निवासी सिमरोल, इंदौर से सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बायपास पर अचानक एक कुत्ता तेज रफ्तार से दौड़ते हुए आया। उन्होंने कुत्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता बाइक के अगले पहिए से टकराकर भाग गया और बाइक असंतुलित होकर गिर गई। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बस पास आ गई, लेकिन बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को एक ओर मोड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एमवाय अस्पताल में भर्ती घायल स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। लाल सिंह के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और सिर में 9 टांके लगे हैं। संजना कुशवाह भी बुरी तरह जख्मी हुई हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ब्रेन में अंदरूनी चोट नहीं है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा। बायपास पर आवारा कुत्तों से बढ़ रहे हादसे संजना कुशवाह ने बताया कि बायपास के दोनों ओर कई गांव हैं और कुत्ते अक्सर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि रात के समय भी बायपास पर ऐसे हादसे आम हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए कदम उठाए जाएं।


