न्यू-ईयर पर सीकर के रैवासा में स्थित श्री दिगंबर जैन भव्योंदय अतिशय क्षेत्र में नववर्ष के प्रथम दिन संपूर्ण विश्व में शांति की मंगलकामना के साथ अतिशयकारी भगवान सुमतिनाथ के महामस्तकाभिषेक का आयोजन किया गया। बुधवार सुबह मस्तकाभिषेक के मांगलिक आयोजन में भगवान सुमतिनाथ की अतिशयकारी प्रतिमा के 5701 से अधिक कलशों से महामस्तकाभिषेक हुए। प्रबंध समिति के अध्यक्ष महावीर ठोल्या एवं महामंत्री सुनील बड़जात्या ने बताया- महामस्तकाभिषेक के इस विशेष आयोजन में प्रथम अभिषेक का सौभाग्य अनिल जैन परिवार दिल्ली को प्राप्त हुआ। रिद्धि मंत्रो से अभिषेक सुनील कुमार, मोदित कुमार परिवार (जोधपुर) एवं जीवन लाल सुशील कुमार व सुनील कुमार बड़जात्या परिवार (सीकर) द्वारा किया गया। संयोजक मोनू गोधा फतेहपुर व पंकज छाबड़ा दुधवा वाले (सूरत) ने बताया- प्रथम शांतिधारा का सौभाग्य नानकराम, इंदरचंद, माणकचंद, अनुभव, अविनव, सानिध्य सेठी परिवार (सीकर) एवं मनोज कृतिक बज परिवार को प्राप्त हुआ। मस्तकाभिषेक के इस महा आयोजन में महाआरती के बाद मंदिर में सुमतिनाथ भक्तामर विधान की पूजा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। आयोजन में सीकर, जयपुर, मकराना, जोधपुर, सूरत, बैंगलोर, कुचामन, फतेहपुर, रानोली व धोद सहित विभिन्न स्थानों से धर्मावलंबी शामिल हुए।


