अजमेर में प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमले के मामले में प्रॉपर्टी डीलर्स एंड बिल्डर एसोसिएशन की ओर से सोमवार को एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। एसोसिएशन के लोगों ने प्रदर्शन कर जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने एसपी वंदिता राणा को ज्ञापन देकर मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन कई मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। एसोसिएशन के महासचिव राकेश जैन ने बताया कि 30 सितंबर को अजमेर में प्रॉपर्टी डीलर्स एंड बिल्डर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मनोज नानकानी पर जमीनी विवाद के कारण जानलेवा हमला हुआ। हमलावरों ने उनकी कार जला दी और लूटपाट की। इस हमले में मनोज को अपना पैर गंवाना पड़ा। महासचिव ने बताया कि वर्तमान में जो पुलिस की ओर से जांच की जा रही उससे संगठन संतुष्ट नहीं है। मनोज ने होश में आने के बाद हमलावरों और उनके समर्थकों के नाम पुलिस को बताए। अभी भी वर्तमान में कई मुख्य आरोपी फरार चल रहे हैं। इसके साथ ही हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी का कारोबार बढ़ने लगा है। इस घटना के बाद से कई प्रॉपर्टी कारोबारी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस संबंध में एसपी से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।


