नए साल की शुरुआत आज बुधवार से हुई है और बुधवार गणेश जी भगवान का दिन माना जाता है। इसी के चलते आज भीलवाड़ा शहर के गणेश मंदिरों में श्रद्धालुओं का विशेष तांता लग रहा। भक्तों ने गणेशजी के दर्शन कर उनसे घर- परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। आज सुबह से ही शहर के गांधीनगर, रोडवेज बस स्टैंड और नेहरू रोड स्थित गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ दर्शन करने के लिए पहुंची। इस दौरान उन्होंने गणेशजी को उनके प्रिय लड्डू का भोग लगाया और आशीर्वाद लेकर परिवार में सुख शांति और समृद्धि की कामना की। शहर के गांधीनगर स्थित 52 वर्ष पुराने सिद्ध गणेश मंदिर में आज नये साल के मौके पर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक शृंगार किया गया है । मंदिर के ट्रस्टी राजकुमार घीया ने बताया कि बुधवार को गणेश जी का दिन होने के चलते और नववर्ष के कारण मंदिर की विशेष रूप से साज सज्जा की गई है। सुबह से मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। बड़ी संख्या में भक्त यहां दर्शन करने के लिए आ रहे हैं। भीलवाड़ा का गणेश मंदिर काफी प्राचीन और चमत्कारी है। लोग दूर-दूर से यहां पर अपनी मन्नत को लेकर आते हैं और उनके पूरा होने पर गणेशजी महाराज को लड्डू प्रसाद का भोग लगाते हैं। इसी के साथ ही शादी विवाह अन्य धार्मिक आयोजन के लिए भी प्रथम पूज्य गणेशजी महाराज को न्योता दिया जाता है और उसके बाद दूसरे मांगलिक कार्यों की विधि विधान से शुरुआत की जाती है। मंदिर प्रांगण में आई ऐसे ही एक महिला भक्त छाया बोहरा ने बताया कि आज नये साल का पहला दिन और बुधवार होने के चलते आज का दिन विशेष है। मंदिर में अपने घर परिवार की सुख समृद्धि की कामना को लेकर आई हूं। मुझे भगवान पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि भगवान गणेश हमारे दुख और कष्टों को हरेंगे और परिवार में सुख समृद्धि का वास होगा। ऐसे ही एक अन्य महिला भक्त अनिता ने बताया कि आज नववर्ष और बुधवार का विशेष दिन है इसलिए मंदिर को सजाया गया है। काफी आकर्षक शृंगार यहां किया गया है। हम गणेश जी भगवान के दर्शन करने आए हैं। आज साल का पहला दिन है और इस पहले दिन की शुरुआत गणेश जी के दर्शन के साथ हुई है गणेश जी हमारे घर में सुख समृद्धि और और अपनी कृपा बनाए रखेंगे।


