शाजापुर में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने डॉ. भीमराव अंबेडकर पर सोशल मीडिया के माध्यम से की गई अमर्यादित टिप्पणी का विरोध किया है। पार्टी ने आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को नायब तहसीलदार नाहिद अंजुम को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। बसपा ने ज्ञापन में बताया कि अनिल मिश्रा नामक व्यक्ति ने ‘आचरण ग्वालियर पर लाइव’ के जरिए संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के संबंध में अमर्यादित और भड़काऊ भाषा का उपयोग किया है। यह वीडियो कुलदीप धनवई की आईडी से वायरल हुआ है, जिसके बाद समाज में आक्रोश व्याप्त है। पार्टी ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता और करोड़ों दलित, पिछड़े, गरीब तथा वंचित समाज के मसीहा हैं। उनके विरुद्ध की गई ऐसी टिप्पणी देश की एकता और संविधान की मर्यादा पर प्रहार है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अनिल मिश्रा की यह हरकत जातिवाद को बढ़ावा देने और समाज में वैमनस्य फैलाने की साजिश प्रतीत होती है। बहुजन समाज पार्टी ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ राष्ट्रद्रोह सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। पार्टी का कहना है कि ऐसा करने से भविष्य में कोई भी व्यक्ति संविधान निर्माता के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करने का साहस नहीं कर पाएगा।


