नरसिंहपुर के करेली में किसानों का ट्रैक्टर मार्च:भावांतर योजना का विरोध; MSP पर खरीदी और बिल माफी की मांग

नरसिंहपुर जिले के करेली में सोमवार को किसानों ने भावांतर योजना के विरोध में ट्रैक्टर मार्च निकाला और प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय किसान आर्मी के बैनर तले सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ यह रैली निकाली गई, जिसमें किसानों ने सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताया। प्रदर्शनकारी किसानों ने सोयाबीन और मक्का की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की मांग की। इसके साथ ही, गन्ने का मूल्य 450 रुपए प्रति क्विंटल तय करने, बिजली के बढ़े हुए बिल माफ करने और किसानों पर दर्ज झूठे प्रकरण वापस लेने की भी मांग उठाई गई। किसानों ने खाद की कमी को लेकर भी अपनी परेशानी व्यक्त की। उनका कहना था कि खाद के लिए उन्हें दो-दो, तीन-तीन दिन तक लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी असुविधा हो रही है। यह रैली करेली बस्ती से शुरू होकर गल्ला मंडी तक पहुंची। मंडी परिसर में किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भावांतर योजना से संबंधित विज्ञापन बोर्ड हटा दिए। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा किसान भी शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *