शिकायत करने पर बिजली विभाग के कर्मचारी पैसे मांगते है:छतरपुर में ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, कहा खेती का काम ठप्प हुआ, बिल बढ़े

गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के निवारी और खौप गांव के ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ अनियमित आपूर्ति और बिल बढ़ने को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता,विद्युत वितरण केंद्र को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें पिछले तीन महीने से बिजली आपूर्ति में लापरवाही का आरोप लगाया गया है। परेशान ग्रामीण बोले- सिंचाई का काम ठप्प हुआ ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले तीन महीने से बिजली आपूर्ति अनियमित है। गांव में बिजली का कोई निर्धारित समय नहीं है, और कभी-कभी दिन में केवल 3 से 4 घंटे ही बिजली मिलती है, वह भी बार-बार ट्रिप होने के कारण बाधित रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग 13 घंटे की आपूर्ति का दावा करता है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। इस अनियमित आपूर्ति से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं, क्योंकि सिंचाई कार्य बिजली की कमी के कारण ठप पड़ गया है। वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं को भी दिन-रात परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत करने पर बिजली कर्मचारी पैसे मांगते ग्रामीणों ने बताया कि वे इस संबंध में कई बार मौखिक शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। ग्रामीण ओम प्रकाश पाठक ने बताया कि शिकायत करने पर बिजली कर्मचारी उनसे पैसे की मांग करते हैं। इसके अलावा, बिजली के बिल भी अधिक आ रहे हैं, जिन्हें चुकाने में ग्रामीण सक्षम नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मामले पर विद्युत अधिकारी अमर श्रीवास्तव ने कहा है कि आरोपों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *