रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार से उत्तर पश्चिम रेलवे पर चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनों का अलग-अलग स्टेशनों पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव शुरू किया है। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि मंडोर एक्सप्रेस को खैरथल स्टेशन पर और मालाणी एक्सप्रेस को राजगढ़ स्टेशन पर अगले आदेश तक ठहराव दिया गया है। इसके तहत, ट्रेन संख्या 22996 जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 अक्टूबर से रोजाना खैरथल स्टेशन पर सुबह 3:38 बजे पहुंचेगी और 2 मिनट ठहराव कर 3:40 बजे रेवाड़ी के लिए रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22995 दिल्ली-जोधपुर मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस जो 7 अक्टूबर से दिल्ली से रवाना होगी, वो भी खैरथल स्टेशन पर रात्रि 11:51 बजे पहुंचेगी और 11:53 बजे अलवर के लिए रवाना होगी। मालाणी एक्सप्रेस का राजगढ़ स्टेशन पर ठहराव ट्रेन संख्या 20487 बाड़मेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला मालाणी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (द्विसाप्ताहिक) 7 अक्टूबर से राजगढ़ स्टेशन पर सुबह 8:29 बजे पहुंचेगी और 8:31 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 20488 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बाड़मेर मालाणी सुपरफास्ट एक्सप्रेस जो 7 अक्टूबर से दिल्ली सराय रोहिल्ला से चलेगी, वह राजगढ़ स्टेशन पर शाम 6:45 बजे पहुंचेगी और 6.47 बजे प्रस्थान करेगी। अन्य स्टेशनों पर कोई प्रभाव नहीं सीनियर डीसीपी खेड़ा ने स्पष्ट किया है कि इस परिवर्तन से दोनों ही ट्रेनों के अन्य स्टेशनों पर ठहराव और संचालन समय में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा। यह निर्णय प्रायोगिक आधार पर लिया गया है और आगामी आदेश तक जारी रहेगा।


