ग्राम भारती मालवा प्रांत की ओर से इंदौर के केशव विद्यापीठ में आयोजित प्रांतीय प्रतियोगिता में झाबुआ जिले के 35 बच्चों ने भाग लिया। इनमें से 21 बच्चों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। झाबुआ जिले की ग्राम भारती शिक्षा समिति के कोषाध्यक्ष रामचंद्र पाटीदार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों ने 5 अक्टूबर को प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और 6 अक्टूबर को झाबुआ लौटे। पाटीदार के अनुसार, विद्याभारती सरस्वती शिशु मंदिर जामली, रायपुरिया, करवड, रामगढ़, करडावद, खच्चरटोडी, हरिनगर, झायडा, बनी, झकनावदा, मदरानी और काकनवानी जैसे कई स्थानों से बच्चे इस प्रतियोगिता में शामिल हुए थे। इन बच्चों ने चित्रकला, रंगोली, गीता पाठ, एकल गीत, लोक नृत्य और प्रश्न मंच जैसी स्पर्धाओं में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त, 11 बच्चों ने शाजापुर में आयोजित प्रांत स्तरीय शारीरिक प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन किया है।


