शाजापुर के नीमवाड़ी में स्थित शासकीय श्री राम मंदिर परिसर में बनी सात दुकानों की सोमवार को नीलामी की गई। ये दुकानें कुल 54 लाख 42 हजार रुपए से अधिक की राशि में नीलाम हुईं। नीलामी से प्राप्त राशि मंदिर समिति के कोष में जमा की जाएगी। इन दुकानों से 7 लोग अपना रोजगार शुरू कर सकेंगे। एसडीएम शाजापुर और मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष के निर्देश पर नायब तहसीलदार नाहिद अंजूम ने यह नीलामी प्रक्रिया पूरी की। शासन द्वारा प्रत्येक दुकान के लिए 7 लाख 40 हजार रुपए की न्यूनतम राशि निर्धारित की गई थी। सफल बोलीदाताओं को बोली समाप्त होने के बाद 25 प्रतिशत राशि तुरंत और शेष 15 दिनों के भीतर जमा करनी होगी। दुकानदारों को 29 वर्षों के लिए पट्टा दिया जाएगा। उन्हें प्रति माह 4 हजार रुपये जमा करने होंगे, जिसमें हर साल 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। मंदिर समिति ने सफल बोलीदाताओं को नियम व शर्तों का पालन करने के लिए कहा है। इन शर्तों के अनुसार, दुकानदार न तो दुकान किसी को किराए पर दे सकेंगे और न ही इसे बंधक रख सकेंगे। यदि किसी ने ऐसा किया तो उसका पट्टा निरस्त कर दिया जाएगा। नीमवाड़ी स्थित श्री राम मंदिर एक प्राचीन स्थल है, जिसके जीर्णोद्धार की मांग नगरवासियों द्वारा की जा रही थी। विधायक अरुण भीमावद ने मंदिर निर्माण के लिए विधायक निधि से पहले 78 लाख और फिर 22 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। यह राशि मंदिर समिति को मिल चुकी है और निर्माण कार्य जारी है। नीलामी के अवसर पर पटवारी ललित कुंभकार, पटवारी भारती कोटे, विनोद चौहान, अनिता राठौर सहित कई बोलीदाता उपस्थित थे।


