शाजापुर में सोमवार दोपहर एक गाय पानी से भरे टैंक में गिर गई। गौरक्षा सेना गौसेवा समिति शाजापुर के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर लगभग 15-20 मिनट की मशक्कत के बाद गाय को बाहर निकाला। यह घटना ज्योति नगर स्थित मस्जिद वाले चौराहे के पास एक कच्चे रास्ते पर हुई। समिति को दोपहर करीब 12 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगर प्रचार प्रमुख अंकित शर्मा, नगर सचिव चिंटू परमार, नगर मीडिया प्रभारी यश चौहान और धर्मेंद्र शर्मा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाय को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। जिस खाली प्लॉट में गाय गिरी थी, वहां पानी के तीन अन्य खुले टैंक भी मौजूद थे। समिति के सदस्यों ने टैंक मालिकों को फोन पर सूचित कर उन्हें टैंकों को बंद करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो। स्थानीय निवासियों ने इस घटना की जानकारी लालघाटी थाना और डायल 112 को भी दी थी। डायल 112 के मौके पर पहुंचने से पहले ही समिति द्वारा गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। समिति की तत्परता से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई और गाय की जान बच गई।


